माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कक्षा छठी और नौवीं में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थी 13 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला मिलेगा। परीक्षा ओएमआर शीट पर बहुविकल्पीय प्रश्नावली के रूप में होगी।
खास बात यह है कि कुंजपुरा स्कूल में 67 प्रतिशत सीटें हरियाणा के बच्चों के लिए और 33 प्रतिशत सीटें अन्य राज्यों के लिए आरक्षित हैं। अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया चला रहा है। इसके तहत देश में कुल 33 सैनिक स्कूलों में विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। दोनों कक्षाओं के लिए महिला उम्मीदवार भी आवेदन कर सकती हैं।
सैनिक स्कूल कुंजपुरा के प्रिंसिपल कर्नल विजय राणा के अनुसार, इस बार कक्षा छठी की 300 और नौवीं की प्रवेश परीक्षा 400 अंकों की होगी। प्रवेश परीक्षा पेन पेपर मोड पर आधारित होगी, इसमें बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। कक्षा छठी के लिए 100 सीट (लड़के 90 व लड़कियां 10) तथा कक्षा नौवीं के लिए 21 (लड़के) अनुमानित रिक्त स्थान हैं।
रिक्त स्थान कभी भी घटाए या बढ़ाए जा सकते हैं। उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि वर्ष 2025-2026 सत्र में प्रवेश के लिए पात्र अभ्यर्थी वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एग्जाम्स डॉट एनटीए डॉट एसी डॉट आईएन/ एआईएसएसईई/ पर 13 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ये कर सकते हैं आवेदन
- कक्षा छठी : प्रवेश के लिए उम्मीदवारों की आयु 10 से 12 साल के बीच होना चाहिए। आयु की गणना 31 मार्च, 2025 के हिसाब से की जाएगी। उम्मीदवारों का 5वीं पास होना जरूरी है। जन्मतिथि पहली अप्रैल 2013 और 31 मार्च 2015 के बीच होनी चाहिए।
- कक्षा नौवीं : प्रवेश के लिए 8वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। आवेदक की आयु 31 मार्च, 2025 को 13 से 15 साल के बीच होना चाहिए। जन्मतिथि पहली अप्रैल 2010 और 31 मार्च 2012 के बीच होनी चाहिए।
यह है परीक्षा प्रारुप
- कक्षा छठी : परीक्षा में 300 अंकों के 125 प्रश्न पूछे जाएंगे। जोकि गणित, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, भाषा और बुद्धि से संबंधित होंगे। इसकी समयावधि 150 मिनट होगी।
- कक्षा नौवीं : परीक्षा में 400 अंक के 150 सवाल पूछे जाएंगे। जोकि गणित, अंग्रेजी, इंटेलिजेंस, सामान्य विज्ञान और सामाजिक अध्ययन पर आधारित होंगे। इसकी समयावधि 180 मिनट होगी।