संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यहां पहुंचते ही कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर देखा और विकास कार्यों की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि जो लोग यहां अपना काम लेकर आते हैं लेकिन कर्मचारी उनका काम नहीं कर रहे हैं, ऐसे लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों को भी फटकार लगाते हुए कहा कि शहर में जगह-जगह पर कूड़े के ढेर लगे रह रहे हैं। सफाई व्यवस्था जीरो है, शहर को साफ व सुंदर बनाने के लिए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करो। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट ठीक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर पालिका जेई से विकास कार्यों की रिपोर्ट मांगी और जो कार्य रुके हुए हैं उनके बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने जीटी रोड से लिंक रोड से अनाज मंडी तक डिवाइडर और साइड में पेड़ पौधे लगाने के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्षद ओमप्रकाश मल्होत्रा, पार्षद प्रतिनिधि लखविंदर सिंह, पार्षद नरेश गाबा, निगरानी कमेटी के सदस्य देवेंद्र कामरा, आशू कक्कड़ आदि मौजूद रहे।