अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सर्राफा बाजार में एक सुनार की दुकान से साढ़े तीन लाख रुपये के डायमंड व सोना लेकर भागने वाले उसकी दुकान के कारीगर को सिटी थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुकान मालिक का विश्वास जीता हुआ था और लालच में आकर वह सोना व डायमंड लेकर फरार हो गया था। आरोपी से पुलिस ने 42 ग्राम सोना व 0.55 कैरेट के डायमंड और 6 कैरेट के डायमंड बरामद किए गए। सिटी थाना प्रभारी हरजिंद्र ने बताया कि एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने इस मामले की जांच उन्हें सौंपी तो उन्होंने मुख्य सिपाही विनोद कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किया। 9 दिसंबर को आरोपी अमित कुमार गांव गणेशपुर पश्चिम बंगाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद पश्चिम बंगाल की कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया और फिर 12 दिसंबर को दोबारा उस आरोपी को करनाल कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया।
...........................................
दुकान में ही 2012 से रहता था आरोपी
परमानंद एंड संस सर्राफ के मालिक जगदीश ने 25 अप्रैल 2018 को सिटी थाना में शिकायत दी कि उसका कारीगर अमित जो गांव गणेशपुर, जिला हुगली पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। उसके पास 2012 से गहने बनाने का कार्य करता है और दुकान के ऊपर पहली मंजिल पर रहता था। 22 मार्च को अमित 65.250 ग्राम शुद्ध सोना, 18.47 सीटी हीरे, जिनकी कीमत करीब 3.75 लाख रुपये है। जिन्हें लेकर वह फरार हो गया है। उन्होंने बताया कि अमित पर वह पूरा भरोसा करते थे और ऐसे ही लाखों रुपये के गहने बनवाते थे कई बार को वह उसे अकेला भी छोड़ देते थे।