अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट पंडित दीनदयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी कुटेल के निर्माण कार्य में अधिकारियों की लापरवाही का ग्रहण लग रहा है। मेडिकल यूनिवर्सिटी में अक्तूबर तक फिजियोथैरेपी और नर्सिंग कॉलेज शुरू होने थे, लेकिन अभी तक कॉलेज की बिल्डिंग ही तैयार नहीं हुई है। हालांकि, फिजियोथैरेपी व डीएससी नर्सिंग की कक्षाएं एक नवंबर से शुरू हो चुकी हैं, जो कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में लग रही है। इतना ही नहीं इन दोनों कॉलेजों में स्टाफ भी पूरा नहीं हैं। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर ही इन विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं।
बता दें इन दोनों कॉलेजों को शुरू करने का दावा मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च डिपार्टमेंट पंचकूला के अधिकारी ने किया था। मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च डिपार्टमेंट पंचकूला के एसीएस अमित झा भी कई बार कुटेल यूनिवर्सिटी का निरीक्षण कर चुके हैं। लेकिन हालात आज भी वहीं है, अभी तक करीब 80 प्रतिशत ही दोनों कॉलेजों की बिल्डिंग का कार्य हुआ है। अभी भी करीब दो महीने और लग जाएंगे।
21 अप्रैल को शुरू हुआ था कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू
कुटेल स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी में फिजियोथैरेपी व नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य 21 अप्रैल को शुरू हुआ था। जिस कंपनी को यह टेंडर दिया गया था उसे यह निर्माण कार्य 30 अक्तूबर को पूरा करना था, लेकिन अभी तक कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। इसका खामियाजा फिजियोथैरेपी व नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। इन विद्यार्थियों को मेडिकल कॉलेज में ही कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं, दोनों कोर्सों में 40-40 सीटें हैं।
.......
मेडिकल यूनिवर्सिटी में फिजियोथैरेपी व नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य चला हुआ है। जल्द ही यह यह निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। फिलहाल इन विद्यार्थियों की कक्षाएं मेडिकल कॉलेज में ही लग रही है विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही।
-डॉ. सुरेंद्र कश्यप, निदेशक, कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज, करनाल।