31 मई तक अपने लक्ष्य पूरे करें अधिकारी : एसीएस रामनिवास
अमर उजाला ब्यूरो
नीलोखेड़ी। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 46 खंडों को आदर्श बनाने की योजना को लेकर, अतिरिक्त मुख्य सचिव (खाद्य एवं आपूर्ति विभाग) राम निवास ने शुक्रवार को नीलोखेड़ी स्थित हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के सभागार में क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। इसमें उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों ने अच्छा कार्य किया है, वे बधाई के पात्र हैं, उन्हे आवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। इनके लक्ष्य पूरे नहीं हैं, वे 31 मई तक अपने लक्ष्य पूरे कर लें। इस संबंध में दोबारा समीक्षा होगी।
उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आगामी 31 मई तक अपने लक्ष्य पूरे करें। बैठक में उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, पुलिस अधीक्षक जेएस रंधावा, अतिरिक्त उपायुक्त निशांत यादव, एसडीएम इंद्री प्रदीप कौशिक के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिला अग्रणी प्रबंधक राजेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि नीलोखेड़ी ब्लॉक में बैंकों के माध्यम से डीआरआई यानी डिफरेंशियल रेट ऑफ इंट्रस्ट। इसमें कोब्लर भी शामिल है। मुद्रा और स्टार्टअप जैसी तीन स्कीमों के माध्यम से जरूरतमंदों को ऋण दिए जा रहे हैं। मुद्रा योजना में करनाल जिला प्रदेश भर में अग्रणी है। इसके अतिरिक्त छोटे किसानों के लाभ के लिए उन्हें मधुमक्खी, मछली पालन और मशरूम उत्पादन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
गांवों में स्थापित किए जाएंगे ओपन एयर जिम
गांवों में ग्रीन पार्क विकसित करने के बिंदु की समीक्षा करते हुए बीडीपीओ नीलोखेड़ी ने बताया कि बड़थल और एक अन्य गांव में पार्कों में टॉयलेट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसे चार पार्कों में ओपन एयर जिम, गैजीबो लगाई गई हैं। एसीएस ने निर्देश दिए की पार्कों में झूले भी लगवा दिए जाएं। नगर पालिका सचिव ने बताया कि नीलोखेड़ी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की 75 लाख की प्रपोजल सरकार को भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। बैठक के पश्चात एसीएस ने सामान्य अस्पताल का दौरा कर प्रसूति गृह, इमरजेंसी, प्रसूति के समय कौन-कौन सी जरूरी बातें ध्यान रखनी चाहिए, उन लिखी हुई हिदायतों को भी देखा।