फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धुंध और ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बाजार हुए ठंडे, लोग घरों मे दुबके

विज्ञापन
विज्ञापन
धुंध, ठंड और जाम से जनजीवन प्रभावित, घरों में दुबके लोग
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
पिछले तीन दिन से जारी धुंध और कड़ाके की ठंड से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। सुबह और शाम को जीरो विजिबिलिटी की धुंध होने के कारण वाहन सड़कों पर रेंगकर चल रहे हैं। घने कोहरे के कारण आलम यह है कि दिन भी अंधेरा छाया होने के कारण वाहनों को लाइट ऑन रखनी पड़ रही हैं। वहीं कई रेलगाड़ियां और बसे भी आधे घंटे से लेकर एक एक घंटे तक देरी से मंजिल तक पहुंच रही हैं।
बता दें कि पिछले तीन से जिलेभर में धुंध छाई हुई है। सुबह और शाम को कोहरा ज्यादा होता है, दिन में जरूर कुछ कोहरा छंट जाता है, लेकिन सोमवार को दिन में भी कोहरा छाया रहा और दिनभर सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सके। अधिकतम तापमान 11 डिग्री तक नीचे जाने से कड़ाके की ठंड का भी लोगों को सामना करना पड़ रहा है। धुंध का सबसे ज्यादा असर परिवहन पर पड़ रहा है। जीटी रोड समेत अन्य सड़क मार्गों पर छाये कोहरे के कारण वाहनों की गति भी काफी धीमी रही।
विज्ञापन

वहीं मौसम का असर शहर के बाजारों पर भी पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड और धुंध के कारण लोग घरों से बाहर निकलने की बजाए घरों में ही दुबकने में भलाई समझ रहे हैं। इस कारण सोमवार को दिनभर बाजारों में कोई खास रौनक नहीं रही। शहर के कर्ण गेट, सर्राफा बाजार, कुंजपुरा रोड समेत अन्य बाजारों में भीड़ कम रही है। बाजारों में बहुत कम संख्या में ही ग्राहक दिखे। दुकानदार मनमीत बावा व किशोर नागपाल ने बताया कि सर्दी का असर बाजार पर दिख रहा है। पिछले तीन दिन से बाजारों में अचानक से ग्राहकों की संख्या कम हो गई है। इसी प्रकार दुकानदार मानव पुरी ने बताया कि धुंध के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से हिचक रहे हैं। बाजार के जानकारों का कहना है कि धुंध के कारण बाजारों में ग्राहकी आधी से भी कम रह गई है। धुंध से पहले जरूर बाजारों में रौनक छाई हुई थी।
धुंध के कारण टोल प्लाजा पर जाम
घरौंडा। बसताड़ा टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को जाम से कोई राहत नहीं मिल रही है। जाम के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गहरी धुंध में सोमवार की लंबे जाम को देखकर वाहन चालकों के मुंह से एक ही शब्द निकल रहा था, उफ्फ! ये जाम। सोमवार सुबह से ही गहरी धुंध छा गई थी, जिससे टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति दिखाई देने लगी थी। दोपहर बाद लगभग सवा चार बजे टोल प्लाजा पर लंबा जाम लग गया। जाम में कई एंबुलेंस, हलका विधायक हरविंद्र कल्याण और कांग्रेस राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला सहित कई वीआईपी की गाड़ी फंस गई। वीआईपी को निकलवाने के लिए उनके सुरक्षा गार्ड टोल प्लाजा की लाइन खाली करने के लिए कह रहे थे लेकिन टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने किसी की नहीं सुनी। काफी देर के बाद वीआईपी गाड़ियों को इमरजेंसी लाइनों से निकाला। जाम से निकलने के बाद हलका विधायक हरविंद्र कल्याण ने जिला उपायुक्त डा. आदित्य दहिया से बात की और कहा कि बसताड़ा टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए ठोस प्रबंध किए जाएं। बहरहाल, जाम से निपटने के लिए लाइनें खाली करवाई जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की मीटिंग में टोल प्लाजा के अधिकारियों को बुलाकर टोल प्लाजा के बारे में विस्तृत जानकारी ले और टोल प्लाजा के अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए निर्देश जारी किए।
विज्ञापन

ये ट्रेन हुई लेट
धुंध के कारण सोमवार को रेलगाड़ियां कई घंटे तक लेट रही। पूजा एक्सप्रेस और कालका एक्सप्रेस 17 घंटे तक लेट रही। इसी प्रकार आम्रपाली एक्सप्रेस गाड़ी सात घंटे, झेलम 10 घंटे, मालवा एक्सप्रेस दो घंटे देरी से पहुंची। इसी प्रकार दादर और आम्रपाली ट्रेन दो घंटे तक देरी से पहुंची। रेलगाड़ियों लेट होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें