अमर उजाला ब्यूरो
असंध (करनाल)। डेरा फत्तूवाला गांव स्थित शराब के ठेके पर कार्यरत कारिंदे गांव अरडाना निवासी श्रीपाल की डेड बॉडी को परिजन स्टेचर पर लेकर अस्पताल में घूमते रहे, क्योंकि पोस्टमार्टम के लिए श्रीपाल के शव का एक्स-रे कराना था। असंध के सरकारी अस्पताल में एक्स-रे मशीन भी है, लेकिन वह चलती नहीं। इस कारण परिजन श्रीपाल की डेड बॉडी को अस्पताल से बाहर लेकर गए और निजी अस्पताल में जाकर एक्स-रे कराना पड़ा। फिर डॉक्टरों ने दोपहर बाद श्रीपाल का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा। इस कारण परिजनों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने अस्पताल में बवाल काटा और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष प्रकट किया।
बता दें सरकारी अस्पताल में जो एक्सरे मशीन आई है। उसका उद्घाटन असंध विधायक बख्शीश सिंह ने 29 जून को किया था। डॉक्टरों का कहना है कि अभी मशीन के पार्ट उनके पास नहीं आए हैं, इस लिए यह मशीन नहीं चलती। मतलब सरकारी अस्पताल प्रशासन ने बिना तैयारी के ही एक्सरे मशीन का उद्घाटन विधायक के हाथों करा दिया और अभी तक मरीजों को उस मशीन का लाभ भी नहीं मिल रहा है। कहने को तो सरकारी अस्पताल में एक्सरे मशीन है, लेकिन मरीजों को अभी भी एक्स-रे निजी अस्पताल में जाकर कराने पड़ रहे हैं।
डॉक्टरों पर भी परिजनों ने लगाए आरोप
सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए आए ठेकेदार अनिल, सुरेंद्र, रामकुमार, सुनील कौशिक व मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों ने श्रीपाल के शव का पोस्टमार्टम करने में बेवजह देरी की है। डॉक्टर अंदर बैठे थे, जबकि हमें बोला गया कि डॉक्टर नहीं है। जब डॉक्टर आऐंगे तब पोस्टमार्टम कर दिया जाएगा। इस बारे में डॉक्टर सुनील ने बताया कि विधायक द्वारा एक्स रे मशीन का उद्घाटन तो कर दिया गया था। लेकिन हमारे पास एक्स-रे मशीन के पार्ट्स पूरे न होने के कारण एक्सरे नहीं किए जा रहे हैं। इसलिए उन्हें बाहर से एक्सरे करवाने के लिए बोला गया था।
ये था मामला
डेरा फत्तूवाला में शराब का ठेके पर शनिवार को अरडाना निवासी 44 वर्षीय श्रीपाल को उसी ठेके के पुराने कारिंदे ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मार कर उसकी हत्या कर दी, जिसे ठेकेदार ने चार दिन पहले ही गड़बड़ी करते हुए पकड़ लिया था और उसे नौकरी से भी निकाल दिया था। इस मामले में पुलिस ने मुआना गांव निवासी आरोपी कारिंदा राजकुमार उर्फ माइकल सहित दो नामजद व दो अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।