करनाल। जिले के सभी 646 डिपो पर 18 व 19 अगस्त को अन्नपूर्णा उत्सव मनाया जाएगा। इसमें 4 लाख 90 हजार राशन कार्ड धारकों को प्रधानमंत्री के फोटो वाले बैग में मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा। उत्सव में डिपो स्तर पर गांव व शहर के गणमान्य व्यक्ति को मुख्य अतिथि बनाया जाएगा। वितरण कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
उपायुक्त निशांत कुमार ने बताया कि बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस संबंध में जिला उपायुक्तों के साथ बैठक की। बताया गया कि राज्य सरकार ने अन्नपूर्ण उत्सव को प्रदेश में व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। इसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 4 लाख 90 हजार राशन कार्ड धारकों को मुफ्त अतिरिक्त 5 किलोग्राम गेहूं प्रति सदस्य के हिसाब से जाएगा। यह राशन पहले से ही दिए जा रहे राशन के अतिरिक्त रहेगा। उचित मूल्य की दुकानों पर एक-एक सरकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त करने के साथ एक-एक जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता को पर्यवेक्षक के रूप में लगाया जाएगा। लाभार्थियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से उचित व्यवस्था की जाएगी।