ट्रक की चपेट में आने से ड्यूटी पर जा रहे युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। घर से ड्यूटी पर जा रहे एक बाइक सवार व्यक्ति ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। यह घटना मेरठ रोड सुबह के समय घटित हुई। घटना के बाद आस-पास के लोगों ने उस व्यक्ति की मोबाइल से फोन कर उसके भाई व पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक को उठाकर मृतक का शव पहिए के नीचे से निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक व ट्रक चालक को काबू कर लिया है।
डबकोली निवासी मृतक के भाई मुकेश ने बताया कि उसका भाई राकेश शर्मा पिछले 6-7 सालों से शहर में एक केबल नेटवर्क में काम करता था और वह अपनी पत्नी निर्मला व बेटे अजय के साथ पिछले चार साल से दुर्गा कॉलोनी में ही रह रहा था। शनिवार सुबह वह 9 बजे घर से ड्यूटी के लिए बाइक पर जा रहा था। जैसे ही वह मेरठ रोड़ पर चढ़ा तो यूपी की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मर दी और वह उस ट्रक के पिछले टायरों के नीचे आ गया। सेक्टर-4 चौकी प्रभारी चरण सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर ट्रक व ट्रक चालक को काबू कर लिया है।