अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला एसोसिएशन करनाल की ओर से खंड स्तर पर सभी खंडों में विश्व चिंतन दिवस मनाया गया। सर्वप्रथम खंड इंद्री के गांव खेड़ी मानसिंह में जिला संगठन आयुक्त स्काउट सियाराम शास्त्री की अध्यक्षता में चिंतन दिवस मनाया गया।
स्काउट्स के जन्मदाता लार्ड बेडेन पावेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने एक रैली का आयोजन किया। रैली को गांव के सरपंच तेजेंद्र सिंह व पंच रामफल सिंह तथा डीएवी स्कूल की प्रधानाचार्य ममता पांडे ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गांव की गलियों से होती हुई एक नुक्कड़ पर समाप्त हुई। ममता पांडे ने स्काउट्स गाइड्स को कहा कि वास्तव में स्काउट्स एक सच्चा देशभक्त व सुचरित्रवान होता है। दूसरी ओर खंड करनाल के बड़ा गांव में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद बंसल की अध्यक्षता में विश्व चिंतन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सबसे पहले कश्मीर राज्य के पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की, डीओसी गाइड सुशीला ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। सभी प्रतिभागियों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर देश भक्ति व एकता की शपथ ली तत्पश्चात एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। खंड असंध में विश्व चिंतन दिवस एमएम पब्लिक स्कूल असंध में मनाया गया कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य आरबी भारद्वाज ने की। खंड निसिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोंदर में विश्व चिंतन दिवस का आयोजन किया गया। करनाल के कनिका पब्लिक स्कूल में भी चिंतन दिवस का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ईश्वर सिंह मान व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजपाल चौधरी ने विश्व चिंतन दिवस पर सभी प्रतिभागी विद्यालयों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का समय हमारे लिए बड़ा ही महत्वपूर्ण है। स्काउटिंग बच्चों के अंदर नवजीवन का संचार करती है। डीओसी स्काउट सियाराम शास्त्री ने बताया कि आज विशेष रूप से डीओसी कब अनिल सैनी डीटीसी रामनिवास सोलंकी डीटीसी श्रवण सिंह, डीओसी गाइड सुशीला, सुरेश कुमार फौजी, सुनील कुमार, महेंद्र सिंह खेड़ा, राजेश कुमार, ललित कुमार आदि सभी स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन तथा कब मास्टर एवं फ्लॉक लीडर का विशेष सहयोग रहा।