जिले में अब कोरोना जानलेवा हो गया है। पहले ही जहां कोरोना से दो लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं बुधवार को 67 वर्षीय गांव बसताड़ा निवासी एक शुगर के मरीज की जान ले ली। मंगलवार शाम कल्पना चावला मेडिकल कालेज में दाखिल कराये गए व्यक्ति की हालत गंभीर और सांस लेने में तकलीफ थी। उसे वेंटीलेटर पर रखा गया, लेकिन हार्ट अटैक के कारण बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं 19 नये पॉजिटिव आने से जिले के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को भी 17 केस आए थे और इससे पहले 11 आये थे। जिला प्रशासन ने जहां-जहां पॉजिटिव केस आये हैं, उस एरिया को सील कर सैनिटाइजेशन करा आसपास के लोगों की स्क्रीनिंग भी शुरू कर दी है। इधर राहत की खबर ये है कि एक ही दिन में 38 लोगों ने कोरोना को हराकर जंग जीत ली और उनको अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया है।
कोरोना संक्रमण के 19 केस में से 3 करनाल शहर के प्रेम नगर से हैं। तीनों पति-पत्नी और बेटा दिल्ली में रहते थे और 16 जून को करनाल आये थे। तीन केस सदर बाजार से हैं, ये भी तीनों सदस्य एक ही परिवार के हैं। तीन केस दिल्ली से आये हैं, ये भी पति-पत्नी और 11 साल की बेटी हैं। एक व्यक्ति सेक्टर-4 का है, जो गुरुग्राम में एक कंपनी में नौकरी करता है। इसी प्रकार श्रीनगर से ड्यूटी के बाद छुट्टी पर आए विकास नगर निवासी सेना में तैनात जवान भी पॉजिटिव मिला है।
संक्रमितों में सेक्टर 13 निवासी एक महिला भी है जो घरों में बाई का काम करती है। सेक्टर-13 का ही युवक भी पॉजिटिव मिला है। दो केस नीलोखेड़ीे, इंद्री के गांव पटहेड़ा का युवक दिल्ली में नौकरी करता है, गांव जैनपुर साधान निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति भी दिल्ली की एक कंपनी में काम करता है। बदरपुर निवासी युवक फरीदाबाद से लौटा था। डीसी निशांत यादव ने बताया कि 19 संक्रमितों में से 3 दिल्ली के हैं और 16 में से 7 की ट्रेवल हिस्ट्री दिल्ली, 8 की ट्रेवल हिस्ट्री गुरुग्राम और 1 की जम्मू कश्मीर की है। इनमें से कोरोना के लक्षणों वालों को कल्पना चावला मेडिकल कालेज और शेष को नीलोखेड़ी में बने कोविड केयर सेंटर में दाखिल किया है।
अब तक एक्टिव केस हुए 79
डीसी ने सिविल सर्जन की रिपोर्ट के अनुसार बताया कि जिले में अब तक कोरोना के संदिग्ध 13431 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए, जबकि इनमें से 12797 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और 178 मामले पॉजिटिव हैं, जिनमें से 3 की मौत हो गई है, 79 एक्टिव हैं तथा 96 मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं। 433 की रिपोर्ट आनी है। सिविल सर्जन डॉ. अश्विनी आहुजा ने बताया कि जिले में अब तक विदेश से आए यात्रियों की संख्या 1125 है, जिनमें से 1012 व्यक्ति 28 दिन या इससे अधिक दिनों का सर्विलांस समय पूरा कर चुके हैं, 14 दिनों वाले कांटेक्टस व यात्रियों की संख्या 1549 है तथा 15 से 28 दिनों के कांटेक्टस वाले यात्रियों की संख्या 556 है और 543 यात्री 28 दिन का सर्विलांस पूरा कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को 26 डिस्पले नोटिस किए गए और सभी संस्थाओं से प्राप्त सामान्य ओपीडी की संख्या 30 रही।
ट्रेवल हिस्ट्री न छुपाएं
डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास कोई ऐसा व्यक्ति मिले जिसकी ट्रेवल हिस्ट्री बाहर की है, वह तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें ताकि उसके स्वास्थ्य की जांच की जा सके और लक्षण पाए जाने पर कोरोना का टेस्ट किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोरोना के बढ़ते केसों के दृष्टिगत प्रशासन सख्त है। जो व्यक्ति बिना मास्क घर से बाहर निकलेगा उसका 500 रुपये का चालान किया जाएगा।