संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ऑस्ट्रेलिया का वर्क परमिट दिलाने के नाम पर 16.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर घरौंडा थाना पुलिस ने आरोपी घरौंडा निवासी सुलखन मसीह उर्फ अजय, उसकी पत्नी नीरज सैनी, पंजाब सैदरपुर निवासी गुरजिंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में घरौंडा निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उसके पड़ोसी कली राम के माध्यम से आरोपियों के साथ मुलाकात जुलाई 2023 में हुई थी। वह अपने बेटे रोहित को ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहता था। इसलिए उसकी आरोपियों से बातचीत हुई तो उन्होंने 17 लाख रुपये मांगे।
आरोपियों ने आश्वासन दिया था कि वह एक नंबर में वर्क परमिट देंगे। उसने सभी दस्तावेज व रुपये आरोपियों को दे दिए। आरोपियों ने उसके बेटे को थाईलैंड भेज दिया। वहां चार युवक और थे।
एक एजेंट ने उसके बेटे से रुपये छीन लिए और उसे भूखा रखा। वह बेटे के खर्चे के रुपये भेजता रहा। इस दौरान आरोपियों ने उसके बेटे को वियतनाम भी भेजा लेकिन ऑस्ट्रेलिया नहीं भेज पाया। इसके बाद उसने बेटे को वापस भारत बुला लिया। आरोपियों ने करीब 16.50 लाख रुपये ले लिए।