नए साल पर सीएम की जिले को सौगात, 227 करोड़ की नौ परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को स्थानीय पंचायत भवन परिसर में करीब 227 करोड़ 37 लाख रुपये की नौ परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन करते हुए जिलावासियों को नए साल की सौगात दी। इन परियोजनाओं में सात करोड़ 48 लाख रुपये की तीन परियोजनाओं का उद्घाटन और 219 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली छह परियोजनाएं शामिल हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज करनाल को नए वर्ष पर एक और विकास का तोहफा मिला है और ऐसे विकास के तोहफे भविष्य में भी मिलते रहेंगे। विकास ही हमारी प्राथमिकता है, इसे हम हर पहलू पर लागू रखेंगे। उन्होंने आए हुए सभी पंचायती राज प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिकारियों को नए साल की मुबारकबाद भी दी।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान शनिवार को सबसे पहले पंचायत भवन से तीन परियोजनाओं के उद्घाटन और छह परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले करीब 50 लाख रुपये की लागत से बने भादसों गांव के ग्राम सचिवालय का उद्घाटन किया। इस ग्राम सचिवालय के बनने से ग्रामीणों को पंचायती राज, रोजगार विभाग, बिजली, पासपोर्ट पेंशन, रिहायशी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, बिजली के बिल संबंधी एक ही छत के नीचे सेवाएं मिल सकेंगी। वहीं मुख्यमंत्री ने मधुबन में करीब चार करोड़, 16 लाख की लागत से बने लड़कों के लिए आब्जर्वेशन होम का उद्घाटन किया। इस होम में शिक्षा की सुविधाओं के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा का भी प्रावधान किया गया है। यह भवन 50 बच्चों की क्षमता के लिए बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने दो करोड़, 82 लाख रुपये की लागत से बने करनाल के 33 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन भी किया। इस सब स्टेशन के बनने से करनाल शहर की करीब 35 कॉलोनियां और शहर के नजदीक लगते गांव लाभांवित होंगे।
इन सड़कों का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 35 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले कुंजपुरा-करनाल-कैथल रोड, हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड द्वारा करीब एक करोड़, 21 लाख रुपये की लागत से बनने वाली कोयर गांव से भोला खालसा तक की सड़क, करीब 1 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाली कलसौरा से नबियाबाद तक की सड़क, करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली असंध से मूंड गांव की सड़क का शिलान्यास किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव कांबोज, असंध विधायक बख्शीश सिंह विर्क, घरौंडा विधायक एवं हैफेड चेयरमैन हरविंद्र कल्याण, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, नगर निगम मेयर रेनू बाला गुप्ता, शुगरफैड चेयरमैन चंद्रप्रकाश कथूरिया, भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, महामंत्री योगेंद्र राणा, जगदेव पाढ़ा, प्रवीण लाठर और कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक मंदीप सिंह बराड़, उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा, नगर निगम आयुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, एडीसी निशांत कुमार यादव, एसडीएम अनुराग ढालिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और काफी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।