दादा के साथ बाइक पर जा रहे चार साल के मासूम को डंपर ने कुचला
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
कुंजपुरा रोड स्थित आरकेपुरम से बाइक पर दादा के साथ दूध लेने जा रहे चार वर्षीय नर्सरी कक्षा के छात्र को तेज रफ्तार मिट्टी से भरे डंपर ने कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचा दिया है। जबकि डंपर चालक मौके पर ही डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शक्तिपुरम निवासी हरीश ने बताया कि उसका चार साल का बेटा नक्ष नर्सरी कक्षा में पढ़ता था। बेटा अक्सर बाइक पर बैठने की जिद्द करता था। नक्ष रविवार को दादा अतर सिंह के साथ बाइक पर दूध लेने के लिए मार्केट जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक कुंजपुरा रोड स्थित आरकेपुरम की गली नंबर 4 के पास पहुंची तो पीछे से तेज गति से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर लगते ही नक्ष उछलकर सड़क पर गिर गया और डंपर ने उसे कुचल दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद से परिवार के लोगों को रो रोकर बुरा हाल है। हरीश ने बताया कि अब परिवार में एक आठ वर्षीय बेटी पीहू ही है। सेक्टर-9 चौकी प्रभारी सतपाल ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।