सरकार के खिलाफ गरजे किसान, मजदूर और कर्मचारी संगठन
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
जिले में शुक्रवार को कई किसान-मजदूर संगठन और कर्मचारियों ने मांगें न माने जाने पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। अखिल भारतीय किसान सभा, खेत मजदूर यूनियन, मनरेगा कामगार यूनियन के आह्वान पर कर्ण पार्क में सभा रखी गई, जिसकी अध्यक्षता सीटू जिला प्रधान कलीराम, अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन जिला प्रधान देसराज ने की। सीटू के जिला सचिव जगपाल राणा ने कहा कि बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई के चलते लोगों का जीना मुश्किल होता जा रहा है। मनरेगा मजदूरों को किए काम की समय पर पेमेंट नहीं मिलती। वहीं सुखचैन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार किसानों के हित में स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करे। पार्वती तनेजा ने कहा कि प्रदेश में आए दिन महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, इन पर रोक लगाई जाए। वहीं चौकीदार सभा से राज्य उपाध्यक्ष कलीराम अरडाना ने चौकीदारों को वेतन और भत्ते समय पर देने की मांग की। इसके बाद कर्मचारी और मजदूर प्रदर्शन करते हुए जिला सचिवालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान मनरेगा अधिकारी को सीएम के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। इस अवसर पर सीटू जिला उपप्रधान जोगा सिंह, हरीश बागी, विजय कांबोज, माकपा जिला सचिव अशोक कुमार, शीशपाल सिंह, रलदूराम, चुड़िया राम, सदीक, रणधीर, रामप्रकाश, किशोर और ज्ञानचंद सहित सैकड़ों मजदूर और कर्मचारी मौजूद रहे।
इधर, ओएसडी से मिलने पहुंचे चयनित कर्मचारियों ने जताया रोष
करनाल। यूडीसी चयनित कर्मचारी शुक्रवार को ओएसडी से मिलने पहुंचे लेकिन ओएसडी कार्यालय में नहीं मिले। इस पर कर्मचारियों ने रोष जाहिर किया। मौके पर नायब तहसीलदार ने कर्मचारियों से बात की और मंगलवार को दोबारा ओएसडी से मिलवाने का आश्वासन दिया। कर्मचारियों से कहा गया कि ओएसडी किसी कार्यक्रम में व्यस्त है और उनको मिलने नहीं दिया जा सकता। कर्मचारियों के शिष्टमंडल ने इस बात का विरोध किया और कहा कि जब उन्हें शुक्रवार को मिलने का समय दिया गया है तो मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा। नायब तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि मंगलवार को चयनित कैंडिडेट्स को ओएसडी से मिलवा दिया जाएगा। सीएम से मिलने का समय भी जल्द निश्चित किया जाएगा। प्रधान जय खटीक ने कहा कि पिछले नौ दिनों से जिला सचिवालय के सामने धरना दिया जा रहा है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। बार-बार झूठे आश्वासनों से उन्हें टालने का काम किया जा रहा है। इस अवसर पर जय खटीक, शिखा, अतुल राणा, प्रदीप कौर, इशु राठी, विकास नैन, गुलशन और मुबारिक खान आदि मौजूद थे।
आंदोलन को लेकर कर्मचारी संघ ने झोंकी ताकत
करनाल। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं कर्मचारी संघों के आह्वान पर 30 जनवरी को जेल भरो एवं सत्याग्रह आंदोलन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने पूरे जोरशोर से उतरने का ऐलान किया है। कार्यक्रम की तैयारी के लिए विद्युत सदन सेक्टर 12 में जिला स्तरीय कन्वेंशन का आयोजन जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिहमार की अध्यक्षता में किया गया। आंदोलन के लिए टीमों का गठन किया गया। ओमप्रकाश सिंहमार, राज्य महासचिव जीवन सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान जगतार सिंह ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों, परियोजनाओं में कार्यरत आशा, मिड डे मील, आंगनबाड़ी वर्करों पर समान काम समान वेतन लागू करवाने, पंजाब के समान वेतनमान देने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, निजीकरण पर रोक लगाने, बेरोजगार नवयुवकों को बेरोजगारी भत्ता देने आदि मांगों को लेकर जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। जिला सचिव कृष्ण शर्मा, कोषाध्यक्ष सतपाल सैनी और प्रेस सचिव अनिल सैनी ने कहा कि नई पेंशन स्कीम को समाप्त करके पुरानी पेंशन स्कीम लागू करवाने के लिए संघ की राज्य स्तरीय कन्वेंशन 28 जनवरी को रोहतक में बुलाई गई है। इस अवसर पर रूपा राणा, सुरेशो, राकेश, मैना, शीला, सुरेश पाल, ओमप्रकाश माटा, मलकीत सिंह, सुरेश रसीन, सुरेश पाल, कर्मबीर शर्मा, ऋषिपाल, दुलीचंद चौहान, विजय शर्मा, एनपी सिंह चौहान, राजेश, राजपाल, रोशन गुप्ता, सुरेश शर्मा, नरेश कुमार, अव्वल सिंह, वीरभान बिड़लान, अशोक प्रोचा, बलकार सिंह, शिव कुमार, जगमाल सिंह, जयभगवान शर्मा, सुरेंद्र रावत और धीरज रावत ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।