डिपो का ताला तोड़कर 67 कट्टे गेहूं चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा।
गांव कुटेल स्थित एक डिपो गोदाम का ताला तोड़कर चोर गेहूं के 67 कट्टे और एक क्विंटल 85 किलोग्राम बाजरा चोरी कर ले गए। इस दौरान चोरी होने की सूचना ग्रामीणों ने डिपो होल्डर को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव कुटेल निवासी बिजेंद्र कुमार गांव में ही सरकारी डिपो चलाता है। मंगलवार अलसुबह ग्रामीणों ने डिपो होल्डर बिजेंद्र सिंह को उसके गोदाम के ताले टूटे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही डिपो होल्डर गोदाम पर पहुंचा और देखा कि गोदाम में रखे गेहूं के 67 कट्टे के साथ-साथ एक क्विंटल 85 किलोग्राम बाजरा गायब था। बिजेंद्र कुमार ने घटना की सूचना मधुबन पुलिस व खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही मधुबन पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर मौके पर पहुंच गए। डिपो होल्डर बिजेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि 14 जनवरी को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के लिए 67 कट्टे गेहूं और एक क्विंटल 85 किलो बाजरा भेजा गया था। जिसे उन्होंने कुटेल में नगरखेड़ा की दुकानों में बने गोदाम में लगवा दिया था। मंगलवार सुबह गोदाम का ताला टूटा होने की सूचना मिली। जब अंदर जाकर देखा तो उसमें से सारा गेहूं और बाजरा गायब था।
गौरतलब है कि घरौंडा क्षेत्र में डिपो से गेहूं चोरी होने की यह दूसरी वारदात है। इस बारे में फूड सप्लाई विभाग के सब इंस्पेक्टर प्रेमपाल का कहना है कि गांव कुटेल में डिपो होल्डर बिजेंद्र के गोदाम से 67 कट्टे गेहूं व 1.85 क्विंटल बाजरा चोरी हुआ है। इसकी जांच के बाद उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। इस बारे में पुलिस के जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि डिपो होल्डर के गोदाम से गेहूं व बाजरा चोरी होने की शिकायत मिली थी। मौके का मुआयना किया गया है। जांच की जा रही है।