अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। बिजली के कट लगाने को लेकर एसडीओ और पावर पाउस में तैनात कर्मियों के बीच हुई बातचीत वायरल होने से पूरे महकमे में हड़कंप की स्थिति है। ऑडियो में एसडीओ ने अघोषित दो घंटे का कट लगाने के आदेश दे रहे हैं, जबकि कर्मचारी पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट होने की दुहाई दे रहा है। इस पर भी एसडीओ नहीं मान रहा और कहा है कि होण दे लाइव टेलीकास्ट, हो लिया। मैं जो कह रहा हूं, वो करो।
बिजली कर्मचारी ने जब कहा कि हेड ऑफिस से आदेश हैं, एसडीओ का जवाब होता है कि मेरे से ऊपर है क्या कोई? खास बात ये है कि ये दो ऑडियो जनवरी व फरवरी माह के हैं, लेकिन तीन दिन पहले ही ये ऑडियो सामने आने के बाद एसडीओ का तबादला कर दिया गया है। ऑडियो को लेकर बिजली के एसई ने भी जांच बैठा दी है और पूरा मामला आला अधिकारियों के संज्ञान में ला दिया है।
क्या है वायरल ऑडियो में
आइए अब हम आपको बताते हैं कि वायरल रिकार्डिंग में एक अधिकारी अपने कर्मचारी को क्या आदेश दे रहा है?
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : हैलो!
पवन कुमार एस.ए सर जी, नमस्ते! पवन बोल रहा हूं।
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : ड्यूटी किस की है?
पवन कुमार एसए शिव कुमार की शुरू हो रही है सर
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : कितने कट लगाते हो?
पवन कुमार एसए जो कट आते हैं वो लगाते हैं
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : अरे! नहीं, दो-दो घंटे के अनऑफिसयली कट लगाओ
पवन कुमार एसए सर, जगजग में भी
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : हां, जो कट है, उनसे अलावा लगाओ। रात को 12 से 2 बजे का लगाओ। सब सो जाते हैं, उस समय कोई नहीं जागता
पवन कुमार एसए ठीक है सर, सर किसी को बताना तो नहीं, अन ऑफिसयली है न
एसडीओ बिजली निगम द्वारा यह आदेश देने के बाद दूसरा आदेश दिया जाता है। आईए आपको बताते हैं दूसरे आदेश में क्या कहा?
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : हैलो, परमिट दे देना
बाबूराम एसएसए सर नमस्कार,
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : परमिट दे देना, कोहंड जगमग का
बाबूराम एसएसए सर परमिट नहीं दे सकते
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : अरे! मैं बोल रहा हूं ना, दे दे परमिट
बाबूराम एसएसए सर, नरेंद्र मोदी का लाइव टेलीकास्ट चल रहा है
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : होण दे टेलीकास्ट, हो लिया
बाबूराम एसएसए सर, पंचकूला से मैसेज चल रहा है।
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : तेरे को मैं बोल रहा हूं ना।
बाबूराम एसएसए ऊपर से मैसेज है सर।
एसडीओ सतेंद्र कुंडू : अरे! मेरे से ऊपर है क्या कोई?
बाबूराम एसएसए आपसे से ऊपर कोई नही, इसका जवाब कौन देगा? इसका परमिट नही दे सकते सर, सॉरी, सॉरी, सॉरी
अमर उजाला की जांच में पाया ऑडियो वायरल सच
शहर में तेजी से ये दो ऑडियो मैसेज वायरल होने के बाद अमर उजाला ने पूरे मामले की पड़ताल की तो सामने आया कि कोहंड पॉवर हाउस में तैनात एसए पवन कुमार को बीती 25 जनवरी, 2018 की सायं करीब पौने पांच बजे अर्धशहरी ग्रामीण कार्यालय में तैनात एसडीओ सतेंद्र कुंडू ने एसए पवन कुमार को फोन कर अनऑफिसयली कट लगाने के आदेश दिए थे। इसकी पुष्टि स्वयं पवन कुमार ने की। दूसरे वायरल मैसेज पर कोहंड पावर हाउस में तैनात एसएसए बाबूराम दहिया को एसडीओ सतेंद्र कुंडू ने 16 फरवरी, 2018 को उस वक्त परमिट देने का आदेश दिया था, जिस समय देश के प्रधानमंत्री का लाइव प्रोग्राम चल रहा था, लेकिन एसएसए बाबूराम दहिया ने एसडीओ का आदेश मानने से इंकार कर दिया। स्वयं बाबूराम ने इस वायरल मैसेज के सच होने की पुष्टि की। जब इस संबंध में एसडीओ सतेंद्र कुंडू से मोबाइल फोन पर संपर्क करना चाहा तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
वर्जन-
कल ही ऑडियो वायरल मैसेज मेरे संज्ञान में आए हैं। एसडीओ सतेंद्र कुंडू का घरौंडा से तबादला हो चुका है। मैंने पूरा मामला हेड ऑफिस भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच करवाई जाएगी और दोषी के खिलाफ जो भी उचित कार्रवाई बनेगी की जाएगी। -अश्विनी रहेजा, एसई करनाल।