संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस पर वीरवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के छात्र-छात्राओं ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। इस रैली को सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर डॉ. चावला ने कहा कि युवा राष्ट्र की ऊर्जा होते हैं, और उनकी शक्ति समाज व देश के विकास की दिशा तय करती है। ऐसे में युवाओं का नशा मुक्ति अभियान से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी यह संकल्प लें कि न केवल अपने मित्रों, परिवार और समुदाय को, बल्कि स्वयं को भी नशे से मुक्त रखें — क्योंकि परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होती है।
उप सिविल सर्जन डॉ. नवराज सिंह ने बताया कि सरकार ने नशा मुक्ति व मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मदद के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800-891-4416 उपलब्ध करवाया है। इस अवसर पर डॉ. विनय गुप्ता ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 12 से 26 जून तक नशा मुक्ति पखवाड़ा चलाया गया था। कार्यक्रम में प्रीति, पंकज, सोनिया, निधि समेत संस्थान का स्टाफ भी उपस्थित रहा।