संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। क्षेत्र में नशे के खिलाफ पिछले छह दिनों से चल रहा धरना डीएसपी ललित कुमार के आश्वासन पर मंगलवार को खत्म हो गया। धरना स्थल पर हर रोज की भांति कलायत से महिलाओं, युवा और दुकानदारों ने भागीदारी की। नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक कर रहे युवाओं की नशे पर रोक लगाना मांग है।
मंगलवार सुबह डीएसपी ललित कुमार धरना स्थल पर पहुंचे और जागरूक नागरिक मंच के सदस्यों से विस्तार से बात की। मंच की और से डीएसपी ललित कुमार को नशा तस्करों पर कार्रवाई करने के लिए एक ज्ञापन भी सौंप गया।
मंच के सदस्य जस्सी राणा, अजय, साहिल, कृष्ण, विक्रम, राकेश आदि ने कहा कि कलायत में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। शहर में स्मैक, अफीम और गांजा जैसे खतरनाक नशा बेचने वाले बेखौफ घूम रहे हैं। यदि पुलिस-प्रशासन चाहे तो सख्त कार्रवाई कर नशा माफिया पर रोक लगा सकती है। थाना प्रभारी ने दो दिन में कलायत के सभी खुर्दें बंद करने का आश्वासन दिया था पर कुछ हुआ नहीं।
जस्सी राणा ने कहा कि हमारी टीम ने पुलिस को खुर्दों की जानकारी दी तो सायंकाल में ही ठेकेदारों के धमकी भरे फोन आना शुरू हो गए। एक युवती ने कहा कि सायंकाल में तो गलियों से निकलना भी मुश्किल हो गया। गलियों में खुर्दों के माध्यम से सरेआम अवैध रूप से शराब बिकती है। इन खुर्दों में शराब कहां से आती है, इसकी पुलिस को जांच करनी चाहिए। दोषियों को बख्शना नहीं चाहिए।
अजय ने कहा कि जो प्रयोग में न आने वाले भवन व सुनसान जगहें हैं वे नशेबाजों के अखाड़े बने हुए हैं। पुलिस वहां पर दबिश देकर नशेबाजों को हिरासत में ले। युवाओं ने मांग की कि नगरपालिका चुनाव आ रहे हैं और इनमें चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार खुल कर शराब का वितरण करेंगे। पुलिस इस मामले पर भी पूरा फोकस रखे। उन्होंने यह भी मांग की कि नशा माफिया के खिलाफ विशेष हेल्प लाइन नंबर जारी किया जाए और कलायत में नशा मुक्ति केंद्र बनाया जाए।
युवाओं की पूरी बात सुनने के बाद डीएसपी ने कहा कि इस सामाजिक बुराई को अकेले पुलिस समाप्त नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि आप लोग कमेटी बना कर पुलिस का साथ दें। कलायत से नशा व नशा का कारोबार करने वालों की कमर पूरी तरह से तोड़ देंगे। इस मामले में आप केवल सूचना दें और अगले 20 मिंट में ही पुलिस की कार्रवाई देखें।
उन्होंने युवाओं से कहा कि इस बात का पूरा विश्वास रखें की किसी भी सूचना देने वाले का नाम सार्वजनिक न होगा। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड के सामने कुछ भवनों में रात्रि में दबिश दी गई है। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि सायंकाल में गलियों में गश्त बढ़ाई जाए। डीएसपी के ठोस आश्वासन के बाद जागरूक युवा मंच ने अपना धरना वापस ले लिया।