सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण घायल युवक। विज्ञप्ति
राजौंद। शहर के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से चल रहा सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को सरकारी अस्पताल के सामने एक युवक उस समय घायल हो गया, जब सड़क पर पड़े पत्थर अचानक उसके चेहरे पर आकर लगे। इस हादसे में युवक के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण सड़क पर छोटे-बड़े पत्थर बिखरे पड़े हैं और वाहनों के गुजरने से ये पत्थर तेज गति से उछलकर राहगीरों को चोट पहुंचाते हैं। घटना के बाद लोगों में रोष है। संवाद