गुहला-चीका। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रातः 7 से 8 बजे तक अनाज मंडी, चीका में खंड स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने कहा कि 20 जून को पायलट रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का तरीका नहीं, बल्कि यह मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त करने का एक प्रभावी माध्यम है। योग न केवल शरीर को लचीलापन और शक्ति देता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता, एकाग्रता और स्मरण शक्ति को बढ़ाता है तथा आंतरिक शांति और आत्मबोध की अनुभूति कराता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करें।
बैठक में सभी विभागों को कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। शिक्षा, आयुष व खेल विभाग को कार्यक्रम की तैयारियां तय समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था और पार्किंग की जिम्मेदारी दी गई है। नगरपालिका व मार्केट कमेटी को कार्यक्रम स्थल एवं आसपास सफाई तथा शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस, ओआरएस और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था करेगा। संवाद
बिजली विभाग स्थल पर बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, वहीं जन स्वास्थ्य विभाग पेयजल की व्यवस्था करेगा।
खंड विकास और पंचायत अधिकारी कार्यालय सरपंचों, पंचों व अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करेगा।
शिक्षा विभाग के डीपीई, पीटीआई तथा विद्यार्थी भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
एसडीएम प्रमेश सिंह ने आमजन से भी अपील की कि वे 21 जून को होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और योग को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाएं।