गांव बरसाना में हाबड़ी रोड पर खेतों में अपनी पत्नी को ले जाकर बेरहमी से उसकी हत्या कर अधमरी हालत में जलाने के आरोपी पति को पुलिस ने पांच दिन के रिमांड के बाद शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी सलिंद्र से रिमांड के दौरान वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने आकाश नगर कुरुक्षेत्र से बरामद कर ली है।
बता दें कि 19 जनवरी को बरसाना के खेतों में पराली के ढेर में महिला का अधजला शव मिला था। महिला की पहचान गांव बरसाना में विवाहिता प्रियंका के रूप में हुई थी। आरोपी महिला के पति सलिंद्र ने ईंट से मारकर उसकी खेत में हत्या की थी और फिर शव को पराली में रखकर आग लगा दी थी। मामले की जांच करने के बाद पुलिस ने आरोपी को कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया था। पांच दिनों तक की गई गहनता से पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।