संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की जनकपुरी कॉलोनी स्थित क्योड़क बस्ती में पिछले करीब पांच वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। खासकर गली नंबर-9 के हालात बेहद खराब हैं, जहां सड़कों पर गंदा पानी जमा रहने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है।
बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब दुकानों के बाहर तक कमर तक पानी भर जाता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। गंदगी और बदबू के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। इसी मार्ग से स्कूल वैन भी गुजरती है, जिससे बच्चों पर गंदे पानी के छींटे पड़ते हैं।
लोगों का कहना है कि लंबे समय से पानी निकासी के लिए नालियों की सफाई और मरम्मत नहीं करवाई गई, जिसके चलते हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पार्षद कांग्रेस से हैं और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसी वजह से राजनीतिक खींचतान से समस्या हल नहीं हो रही।
पांच साल से हालात जस के तस हैं। बारिश में पूरी गली तालाब बन जाती है, लेकिन प्रशासन सुनवाई नहीं करता। -अरुण कुमार
गंदे पानी और बदबू के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। -बोती
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से शिकायत के बावजूद जल निकासी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। -जोगिंद्र
बरसात में दुकान के बाहर कमर तक पानी भर जाता है, जिससे ग्राहक नहीं आते और आर्थिक नुकसान होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान न हुआ तो लोग उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना देंगे। -सुनील
स्कूल वैन इसी रास्ते से गुजरती है और गंदे पानी के छींटे बच्चों पर पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि दूषित पानी की सप्लाई से डायरिया, टायफॉयड और पीलिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। -गौरव
कई बार अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला है। दिहाड़ी मजदूर परिवार होने के कारण इलाज कराना भी मुश्किल है। -फुलमा देवी
समस्या के समाधान के लिए कई बार शिकायत की गई है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा करीब सात करोड़ रुपये के बजट की मांग की गई है, जो अभी तक स्वीकृत नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि छोटूराम चौक पर अस्थायी तौर पर मोटर लगाकर चार वार्डों में पानी की सप्लाई की जा रही है, लेकिन पाइपलाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण निकासी व्यवस्था ठप पड़ी है। -बलजीत इंदल, पार्षद, वार्ड 12