कैथल। रोहेड़ा गांव के 28 वर्षीय युवक गुरदीप की हत्या उसके ही दोस्त ने नशे में धुत होकर सिर में ईंट मारकर की थी। आरोपी ने पुलिस से हुई पूछताछ में यह खुलासा किया। उसने बताया कि मोबाइल फोन के लिए झगड़ा हो गया था। इसी कारण गुरदीप की हत्या की गई। मामले में पुलिस ने करीब 44 वर्षीय आरोपी रोहेड़ा निवासी बलजीत उर्फ बिटू को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि मृतक के भाई रोहेड़ा निवासी संदीप ने राजौंद थाना में शिकायत दी थी कि उसका भाई गुरदीप 28 मई को रात के नौ बजे घर से गया था और वह पूरी रात वापस नहीं आया। रविवार की सुबह सात बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने बताया कि उसके भाई का शव बाबा नवानाथ के डेरे के तालाब की सीढिय़ों में पड़ा है।
मौके पर पहुंच कर देखा तो उसके भाई के नाक व कान से खून निकला हुआ था और छाती पर चोट के निशान थे। एसपी ने बताया कि थाने में विभिन्न धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया था तथा मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ राजौंद को जल्दी से जल्दी वारदात को सुलझाने के आदेश दिए गए। पुलिस ने आरोपी को काबू कर मामले का खुलासा किया। न्यायालय में शनिवार को उसे पेश किया गया। पूछताछ के लिए पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।