संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत के निकटवर्ती गांव खडालवा में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं ने घंटों इंतजार किया। जलाभिषेक करने के बाद उनकी थकावट दूर हो गई।
त्रयोदशी रात्रि 12 बजे महंत रघुनाथ गिरी ने पूरे विधि विधान के साथ बाबा का जलाभिषेक किया। उसके बाद हरिद्वार से आई कांवड़ों के चढ़ाए जाने का सिलसिला शुरू हो गया। भारी ठंड के बीच सुबह सात बजे से श्रद्धालुओं ने भोले बाबा का जलाभिषेक शुरू कर दिया जो सायं पांच बजे तक जारी रहा।
खडालवा शिव मंदिर के महंत रघुनाथ गिरी व प्रबंध समिति अध्यक्ष मास्टर बलबीर ने बताया दिन भर में करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया। मास्टर बलबीर ने बताया की यह मंदिर अलौकिक होने के साथ साथ बाबा का जीवंत स्थान है। इसी स्थान पर पहली बार महामृत्युंजय महामंत्र की रचना महर्षि मारकंडेय ने की थी।
मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया था जहां श्रद्धालु प्रसाद का आनंद ले रहे थे। मंदिर के पास ही जंगम जोगी शिव की महिमा का गुणगान करने में लगे हुए थे। मंदिर में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध करने के लिए मुख्य द्वार के अलावा अनेक स्थानों पर पुलिस बल तैनात था। श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसके लिए प्रबंध समिति ने विशेष प्रबंध किए थे।