संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अवसर था महाशिवरात्रि का... बुधवार की अल सुबह मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचना शुरू हो गए। श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ भगवान शिव के जयकारों के साथ दर्शन किए। जिले के सभी शिवालय बोल बम... हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे।
श्रद्धालुओं ने पंचामृत, फल, फूल, बेलपत्र, धतूरा, दूध, घी, और गंगाजल जैसी विभिन्न पूजा सामग्रियों के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। चारों पहरों में विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। कई स्थानों रुद्राभिषेक भी किया गया।
चांदना गेट स्थित निर्माणाधीन नीलकंठ महादेव द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर, प्राचीन श्री अंबकेश्वर मंदिर, पाडला रोड स्थित शिव वाटिका, अमरगढ़ गामड़ी स्थित बाबा डेरा, सतलोक आश्रम स्थित शिव मंदिर, ढांड रोड स्थित शीतल पुरी मंदिर, श्री शिव शक्ति धाम मंदिर और हनुमान वाटिका स्थित शिव मंदिर सहित अन्य सभी शिवालयों में जलाभिषेक किया गया।
प्राचीन श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर में मंदिर समिति की ओर से भव्य सजावट की गई और शिव पुराण कथा का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित मुनेंद्र मिश्रा ने यजमानों और श्रद्धालुओं की चार पहर की पूजा करवाई और हवन में आहुतियां डलवाईं। हवन के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर में पूजा करने आई नेहा, पूनम, आरती, कीरण, ज्योति ने नंदी के कान में मन्नतें मांगी ओर बताया कि भगवान शिव की आराधना करने और उपवास रखने से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और घर में सुख-शांति बनी रहती है।
पाडला रोड स्थित श्री सिद्धपीठ शिव वाटिका में महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष हवन करवाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महंत हरीश शास्त्री ने मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक किया और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इसके बाद मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
उधर, कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने मिलकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। धार्मिक भजनों और मंत्रोच्चार की गूंज पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रही थी। पर्व पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए उपवास रखा और रात्रि जागरण किया। महाशिवरात्रि पर जिले में शिवालयों में उमड़ी भीड़ और धार्मिक अनुष्ठानों के भव्य आयोजन ने सभी को शिव भक्ति में लीन कर दिया।
श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर समिति के प्रधान विनोद मित्तल, घनश्याम मित्तल, मेहर सिंह सिंगला, सुशील गुप्ता व सतनारायण मित्तल ने मंदिर में विशाल भंडारा लगाकर प्रसाद वितरित किया।