कैथल। मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है। पहले ही दिन गर्मी अपनी तपिश दिखा रही थी। परंतु गर्मी भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं कर पा रही थी। गर्मी अधिक होने के बावजूद भी कतारों में लोग लगे रहे और अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
सुविधा के दावे रहे फेल ः जिला प्रशसान की ओर से इस बार मतदान की प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन ने लोगों को गर्मी से बचाने के लिए कई दावे किए थे, लेकिन गर्मी से निपटने के लिए जिला प्रशासन के यह दावे फेल हुए। क्योंकि अधिकतर मतदान केंद्रों में पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं थी। यहां पर मतदान करने के लिए पहुंचे मतदाताओं को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस दौरान मतदाताओं में भी काफी रोष दिखा। गांव ग्योंग में मतदान करने के लिए पहुंची महिला रामबतेरी ने बताया कि स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र में पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं की गई है।
शेरगढ़ गांव के स्कूल में मतदान करने के पहुंचे ग्रामीण सोनू ने बताया कि यहां पर केवल चार पानी के कैंपर की रखवाए गए थे। यह दोपहर दो बजे से पहले ही खत्म हो गए। यहां पर कम से कम पानी का बेहतर प्रबंध होना चाहिए था। संवाद