संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सोशल मीडिया पर 9 साल की बच्ची के मां बनने से संबंधित एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे कैथल से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा है। इस मामले को लेकर पुलिस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए वीडियो को भ्रामक बताया है।
डीएसपी ललित यादव ने इस संबंध में एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि वायरल किया जा रहा यह वीडियो कैथल जिले से संबंधित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका कैथल से कोई लेना-देना नहीं है और यह पूरी तरह से गुमराह करने वाला वीडियो है। डीएसपी ने कहा कि जो भी व्यक्ति इस वीडियो को गलत जानकारी के साथ वायरल कर रहा है, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले कैथल के एक शिक्षण संस्थान में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सिटी एसएचओ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया था कि उनके सामने एक मामला आया था, जिसमें एक 9 वर्षीय बच्ची सात माह की गर्भवती पाई गई थी और वह गर्भ उसके ही 11 वर्षीय भाई से संबंधित था। इसी बयान को तोड़-मरोड़ कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया जा रहा है और उसे कैथल से जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी प्रकार की संवेदनशील जानकारी या वीडियो को साझा न करें और अफवाहों से बचें।