संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। हरियाणा आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में सूर्य नमस्कार योग अभियान स्वामी विवेकानंद जयंती से 12 फरवरी स्वामी दयानंद जयंती तक चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पतंजलि योग भवन चीका में पतंजलि जिला प्रभारी आचार्य हरिओम ने योग साधकों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया और इसके लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
आचार्य हरिओम ने कहा कि सूर्य नमस्कार केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि तन और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सशक्त माध्यम है। यह शरीर को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार की यौगिक क्रियाएं हमारे संपूर्ण जीवन का निचोड़ हैं, जो सामान्य जीवन को उत्कृष्टता की ओर ले जाने का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
इस अवसर पर पतंजलि तहसील प्रभारी विक्की आर्य, गुरमीत सीड़ा, युवा प्रभारी महावीर प्रजापति, जयभगवान, अमित आर्य, ईश्वर सिंगला, राजपाल वर्मा, डिंपल कुमार और शीशपाल सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे।