एंटी नारकोटिक्स सेल और चौकी रामथली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोपियों को 23.10 ग्राम हेरोइन और 12.5 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित काबू किया है। इसके अलावा नशा तस्करी में उपयोग बाइक बरामद की है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी रामथली ने माता गुजरी चौक खरकां पर चना राम निवासी खरकां को प्लास्टिक कट्टा से 12.5 किलो डोडा पोस्त सहित काबू किया है। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इसी प्रकार एक अन्य मामले में सैर पापसर चौक कांगथली के नजदीक सुखदेव उर्फ सूखा निवासी डेरा राय सिख कांगथली को 23.10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित काबू किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
थाना सदर व राजौंद पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में वांछित दो उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि थाना सदर पुलिस ने करीब साढ़े 16 वर्ष पहले मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित उद्घोषित अपराधी राजेंद्र सिंह निवासी पुनाह जिला देहरादून उत्तराखंड को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि बलवान सिंह निवासी देवबन की शिकायत पर दर्ज मामले के अनुसार आरोपी गांव पुनाह उत्तराखंड में विवाहित था, उसकी पत्नी को उसका ससुर उनके घर ले गया था। वह अपनी पत्नी को लेने उनके घर गया, लेकिन उन्होंने उसे उसके साथ नहीं भेजा। एक मार्च 2005 को उक्त आरोपी व उसके अन्य साथी बलवान के पास गांव में आए व उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने कहा कि दोबारा उसकी पत्नी को लेने पुनाह गया तो जान से मार देंगे। आरोपी राजेंद्र की उक्त मामले में गिरफ्तारी शेष थी, वह निरंतर भूमिगत चल रहा था। उसे न्यायालय द्वारा उक्त मामले में 25 मई 2006 को पीओ घोषित कर दिया गया था। अब थाना सदर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। इसी प्रकार एक अन्य मामले में थाना राजौंद पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने पर चोटिल होने के मामले में वांछित उद्घोषित अपराधी सुभाष उर्फ लिलु निवासी कसान को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि सुरेश कुमार निवासी तारागढ़ की शिकायत पर थाना राजौंद में दर्ज मामले के अनुसार 25 अप्रैल 2017 को वे अपने ट्रैक्टर ट्राली में खेत से तुड़ी लेकर घर आ रहे थे। पीछे से ट्रक चालक ने उनके ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी गई। जिसके कारण ट्रैक्टर में सवार सुरेश कुमार व दो अन्य व्यक्तियों को काफी चोटें आई। इस मामले में ट्रक चालक आरोपी सुभाष अदालत से जमानत हासिल करने के बाद अदालत में समय पर हाजिर न होकर भूमिगत हो गया था। आरोपी के समय पर अदालत में हाजिर न होने कारण न्यायालय द्वारा आरोपी सुभाष को उक्त मामले में 5 जनवरी 2019 को पीओ घोषित कर दिया गया था। जिसे थाना राजौंद पुलिस द्वारा दोबारा गिरफ्तार किया गया। आरोपी सुभाष थाना शहर में दर्ज एक अन्य मामले में भी न्यायालय द्वारा पीओ घोषित किया हुआ है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।