कैथल। जिले के नौच गांव को पिहोवा से जोड़ने वाली मुख्य सड़क से निकलने वाला करीब दो किलोमीटर लंबा कच्चा रास्ता इन दिनों आसपास के 20 से 25 परिवारों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। कच्ची ईंटों और खेत की पगडंडी जैसे इस मार्ग पर बारिश के दौरान अत्यधिक फिसलन होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार इसी रास्ते से उन्हें रोजमर्रा के कार्यों के लिए आना-जाना पड़ता है। बरसात के मौसम में रास्ता इतना फिसलन भरा हो जाता है कि दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। कई लोगों को गंभीर चोटें भी लग चुकी हैं। ग्रामीण जयपाल, अरविंद, प्रगट और अवतार सिंह ने बताया कि वे कई बार ग्राम पंचायत से इस रास्ते को पक्का कराने की मांग कर चुके हैं लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि हर मानसून में यही स्थिति बन जाती है और लोगों को जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग का निर्माण कराकर इसे पक्का बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
कच्ची ईंटों से बनी पगडंडी। संवाद