कैथल। जिले में बुधवार को फिर से पराली जलाने के दो नए मामले आए हैं। यह मामले कैथल के कुतुबपुर गांव और कलायत ब्लॉक के मटौर गांव में मिले है। अब जिले में पराली जलाने के मामलों की संख्या 184 से बढ़कर 186 हो गई है।
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 134 किसानों के खिलाफ रेड एंट्री की है। अभी तक पूरे जिले में एक महिला सहित 38 किसानों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पराली जलाने पर दो लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना भी किसानों पर लगाया गया है।
नवनियुक्त डीसी प्रीति ने सभी एसडीएम व कृषि विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त बढ़ने के आदेश जारी किए थे। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. बाबू लाल ने डीसी को अवगत करवाया कि अब तक हरसेक के माध्यम से 186 पराली जलाने के मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 96 किसानों पर एफआईआर दर्ज हुई है और 134 मामलों में मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल के रिकॉर्ड में रेड एंट्री दर्ज की गई है।
इस दौरान किसानों को जागरूक करने के लिए जागरूकता वाहन गांव-गांव जा रहे हैं। किसानों को सरकार की ओर से कृषि यंत्र उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि वे फसल अवशेषों का सही से प्रबंधन कर सके। संवाद