कैथल। पुलिस भर्ती परीक्षा में दूसरे को बैठाकर परीक्षा पास करवाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर सिंह की अगुवाई में सिपाही भर्ती परीक्षा में खुद के स्थान पर दूसरे को बैठाकर परीक्षा पास करवाने वाले आरोपी जाखौली निवासी शुभम और गुरमीत को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि मुख्य आरोपी छात्तर निवासी संजय के माध्यम से उत्तर प्रदेश के सरायप्रयाग निवासी सुमित गौतम से हरियाणा पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर दिलवाकर परीक्षा पास करवाई थी।
गौरतलब है कि आरोपी संजय निवासी छात्तर जिला जींद हाल भैणी माजरा कैथल, संदीप निवासी छात्तर जिला जींद, अशोक निवासी जामनी जिला जींद, राहुल उर्फ सुमीत गौतम और अश्वनी प्रताप सिंह निवासी सराय प्रयाग उतरप्रदेश, रविंद्र उर्फ रब्बी निवासी बेलरखा जिला जींद, गोपाल निवासी धमतान साहिब जिला जींद, मनीष निवासी सेढा माजरा जिला जींद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य वांछित आरोपी प्रवीण उर्फ बिल्ला पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया है।