कैथल। शहर में सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे रेहड़ी लगाकर और दुकानों के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना प्रबंधक यातायात इंस्पेक्टर सतपाल के नेतृत्व में टीम ने पुराना बस अड्डा, छात्रावास रोड और भगत सिंह चौक के आसपास कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क पर रेहड़ी लगाने वाले और दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे दोबारा अतिक्रमण न करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रवक्ता ने कहा कि सड़क पर रेहड़ी लगाने और दुकानों के आगे सामान रखने से मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने सभी से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। संवाद