संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खनौरी रोड बाईपास पर बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने एक युवक की मोटरसाइकिल लूट ली। पीड़ित ने बचाव की कोशिश की, लेकिन तीनों आरोपियों के सामने वह असहाय रहा। घटना के बाद युवक ने शहर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता प्रदीप, निवासी शक्ति नगर, ने बताया कि 24 अगस्त की शाम करीब सात बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से खनौरी रोड पर जा रहा था। रेलवे अंडरपास से थोड़ा आगे सिल्ला खेड़ा ड्रेन के पास पीछे से तीन युवक बाइक पर आए और उसका रास्ता रोक लिया। सभी ने अपने चेहरे मास्क व कपड़ों से ढके हुए थे। उन्होंने जबरन उसकी मोटरसाइकिल छीनी और फरार हो गए। प्रदीप ने बताया कि उसने बाइक बचाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहा।
सिटी थाना प्रभारी गीता रानी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।