संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खेतों से तार और अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने तीन आरोपियों को काबू किया। पूछताछ में आरोपियों ने खेतों से चोरी की कुल 41 वारदातें कबूल कीं।
इन मामलों से जुड़े 10 अलग-अलग केस दर्ज हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 37 किलो 610 ग्राम चोरीशुदा तार और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली। अदालत के आदेशानुसार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
डीएसपी मुख्यालय बीरभान ने बताया कि गुहणा निवासी जय भगवान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13/14 अगस्त 2025 की रात को उसके खेत में बने कोठे का ताला तोड़कर अज्ञात लोग समर्सिबल बोर की करीब 40 फीट तार और होका चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना सदर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
एसपी आस्था मोदी के निर्देश पर एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम ने पाडला रोड कैथल निवासी संदीप, सुल्तान उर्फ भोला और सलेम उर्फ दिवा को गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी दिन में क्षेत्र की रेकी करते थे और रात को चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कैथल क्षेत्र में कुल 41 वारदातें की हैं, जिनमें थाना सदर के 4, थाना सीवन के 3, थाना कलायत के 2 और थाना राजोंद का 1 मामला शामिल है। आरोपियों के कबूलनामे के आधार पर चोरी की गई तार व अन्य सामान की बरामदगी की गई है।