संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत निवासी युवक का अपहरण करके फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू कर लिया। इनकी पहचान रामथली निवासी सुबेग सिंह उर्फ सोनू, लदाना चक्कू निवासी गुरपिंद्र सिंह व माजरी निवासी जरनैल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कलायत निवासी रोहित की शिकायत के अनुसार उसके भाई सुमित को किसी ने फोन करके 17 नवंबर की शाम सजूमा रोड कलायत पर बुलाया। उसका बाद रात को उनके घर फोन आया जिस पर सुमित रो-रो कर बोल रहा था कि मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं व पांच लाख रुपये की फिरौती मांग रहे है।
बाद में फिरौती के रुपये न मिलने पर आरोपियों ने उसे कांगथली गांव के पास सड़क पर छोड़ दिया था। अब आरोपियों की गिरफ्तारी से खुलासा हुआ कि उनके साथी खरकां निवासी राजू की सुमित के साथ पहचान थी। राजू ने किसी व्यक्ति के माध्यम से सुमित को विदेश भेजने का लालच दे रखा था। आरोपियों ने 17 नवंबर को फोन करके सुमित को घर के बाहर बुलाया गया व उसका अपहरण करके साथ ले गए।
पुलिस का है कि मामले में गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी नशा करने के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए फिरौती के रूप में रुपये मांगे गए थे।