संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ठंड के मौसम में कैथल से होकर गुजरने वाले कुरुक्षेत्र-दिल्ली डेमू एक्सप्रेस और दौलतपुर चौक इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन देरी से चल रही है। ये दोनों ट्रेनें प्रतिदिन 20 मिनट से लेकर आधे घंटे लेट तक हो रही है। इस कारण कैथल से नरवाना और जयपुर और चंडीगढ़ की तरफ जाने वाले यात्रियाें को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गौरतलब है कि एक तो पहले से ही कैथल से काफी कम संख्या में ट्रेनों का संचालन हो रहा है। दूसरा अब जो ट्रेनें यहां से संचालित हो रही है, उनके भी देरी से चलने के कारण यात्रियों की दिनचर्या काफी प्रभावित हो रही है। दौलतपुर चौक-साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन 25 मिनट तो कुरुक्षेत्र से दिल्ली जाने वाली डेमू ट्रेन करीब 20 मिनट की देरी से चल रही है।
दोपहर के समय ट्रेनें नहीं हो रही संचालित ः वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के बाद से ही कैथल से दोपहर के समय जींद और कुरुक्षेत्र की तरफ संचालित होने वाले ट्रेनों का संचालन पहले से ही बंद है। दोपहर के समय ट्रेन संचालित न होने से रेल यात्रियों को अधिक कठिनाई झेलनी पड़ती है।
वर्तमान समय में कैथल से करीब आठ ट्रेनें संचालित की जा रही है। जिसमें दो एक्सप्रेस ट्रेन भी शामिल हैं। दोपहर के समय फिलहाल कोई ट्रेन संचालित नहीं हो रही है। ट्रेनों के संचालन पर रेलवे बोर्ड की ओर से ही फैसला लिया जाता है।
कैथल रेलवे स्टेशन के अधीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन ठंड के मौसम में देरी से होता है। दरअसल, इस दौरान इलाके में धुंध का असर रहता है और इस कारण ही ट्रेनों के संचालन में देरी होने लगती है।