संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पार्क रोड स्थित शीतलपुरी डेरे के तालाब के पास युवक दीपक का शव मिलने के मामले में थाना शहर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएचओ इंस्पेक्टर गीता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच करते हुए सिरटा रोड निवासी चिंकी, सनसिटी निवासी नितिन और नरवाना की चमेला कॉलोनी निवासी दीपक को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि एक आरोपी ने दीपक को फोन कर नशा लेने के लिए बुलाया था। मोबाइल रिकॉर्डिंग और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।
बालू निवासी महेंद्र पाल ने शिकायत दी कि उन्हें 8 जुलाई की सुबह सूचना मिली कि उनके 30 वर्षीय बेटे दीपक का शव तालाब के पास पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने अनुमान लगाया कि बेटे की मौत नशे की वजह से हुई है। तब उन्होंने किसी पर शक न करते हुए कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया था।
अगले दिन जब उन्होंने बेटे का मोबाइल फोन चेक किया, तो कुछ रिकॉर्डिंग और कॉल डिटेल्स मिलीं। इसके बाद उन्होंने दीपक के जानकार जीवनप्रीत से बात की। जीवनप्रीत ने बताया कि 7 जुलाई को दीपक ने उसे फोन कर नशा लेने के लिए बुलाया था। वे दोनों हिंद सिनेमा के पास पहुंचे, जहां एक गाड़ी पहले से खड़ी थी। उसमें चालक के अलावा चिंकी और नरवाना निवासी दीपक मौजूद थे। चिंकी ने दीपक से 1,000 रुपये लेकर उसे एक नशीली पुड़िया दी थी। इसके बाद दीपक ने जीवनप्रीत को फ्रेंड्स कॉलोनी के पास उतार दिया और आगे चला गया। महेंद्र पाल को संदेह है कि चिंकी ने उनके बेटे को नशे के नाम पर जहरीला पदार्थ दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
इस मामले में थाना शहर में केस दर्ज किया गया। तीनों आरोपियों को तितरम मोड़ से गाड़ी सहित गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार को उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।