कैथल। पुरानी रंजिशन के चलते कार में बैठे दो युवकों पर अन्य युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। एक आरोपी ने युवक की कमर में चाकू मारा। लोगों की भीड़ एकत्रित होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में देवीगढ़ रोड निवासी अजयदीप उर्फ सोनू ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। काफी समय से अमित, टिंकू, विजय, काला कटारिया, अमित पंडित व सिल्ली के साथ उसकी रंजिश चली हुई है। वह व उसका दोस्त शक्तिनगर निवासी राहुल 14 जनवरी की शाम आठ बजे देवीगढ़ चौक के नजदीक ठेका शराब के पास गाड़ी रोककर गाड़ी में बैठे हुए थे।
गाड़ी की चालक सीट पर राहुल व परिचालक सीट पर वह खुद बैठा हुआ था, तभी वहां अमित, टिंकू, विजय, काला कटारिया, अमित व सिल्ली के सात-आठ अन्य व्यक्ति गंडासी, डंडे व चाकू लेकर उनके पास आए। टिंकू ने गंडासी गाड़ी के चालक साइड वाले शीशे पर मारी और बाकी सभी ने उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। उनको टिंकू व विजय ने गाड़ी से नीचे उतार लिया और मारपीट करनी शुरू कर दी। अमित ने अपने हाथ में पकड़ा चाकू उसकी कमर में मारा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग आए। लोगों की भीड़ को एकत्रित देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए और साथ ही जान से मारने की धमकी दे गए। 4 तोला सोने की चेन भी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद उसका भाई अमनदीप व गगनदीप मौका पर पहुंचे और निजी व्हीकल से सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद आरोपियों की जांच शुरू कर दी है।