संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, भाई दयाला जी, भाई सती दास जी व भाई मति दास जी की शहादत के 350 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही विशाल नगर कीर्तन यात्रा शुक्रवार को चीका पहुंची।
चीका पहुंचने पर महावीर दल के सामने हरियाणा शुगर फैड के पूर्व चेयरमैन और पंजाबी साहित्य अकादमी हरियाणा के अध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका।
इस अवसर पर सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने यात्रा की अगुवाई कर रहे भाई मनजीत सिंह, संत बाबा दलबारा सिंह रोहीसर (फतेहगढ़ साहिब वाले), और पूर्व आईजी पंजाब रणबीर सिंह खटरा को सिरोपा पहनाकर सम्मानित किया।
भाई मनजीत सिंह और संत बाबा दलबारा सिंह ने बताया कि 350 वर्ष पहले दिल्ली के चांदनी चौक में मुगल शासक औरंगजेब के आदेश पर श्री गुरु तेग बहादुर, भाई दयाला, भाई सती दास और भाई मति दास को इस्लाम स्वीकार न करने के कारण शहीद कर दिया गया था। उन्हीं शहीदों की याद में यह नगर कीर्तन यात्रा आनंदपुर साहिब से दिल्ली के चांदनी चौक तक निकाली जा रही है।
इसके बाद यात्रा गुरुद्वारा साहिब पातशाही छैवीं एवं नौवीं, चीका पहुंची, जहां हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा और कमेटी सदस्यों ने श्रद्धा और सम्मान के साथ यात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर झींडा ने कहा कि यह यात्रा हिंदू-सिख एकता की प्रतीक है और शहीदों की बलिदानगाथा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
यात्रा के स्वागत में भाजपा जिलाउपाध्यक्ष मांगे रमा जिंदल, मंडल अध्यक्ष संजीव जिंदल, सरदार मेजर सिंह, अशोक गर्ग, परमानंद गोयल, प्रो. रामलाल वधवा, सुनील शाह, मन्नू बंसल, गगन गोयल, डॉ. दिनेश कौशिक, नानक शर्मा, अमित जिंदल, सलिंद्र वाल्मीकि, रोहन यादव, मोदी जिंदल, जोनी, टहल सिंह, बोबी, रमेश जिंदल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।