राजौंद। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। खासकर दोपहर के समय हालात ऐसे बन जाते हैं कि सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आता है।
दोपहर 12 बजे के बाद से ही बाजारों में चहल-पहल कम होने लगती है और 2 से 4 बजे के बीच तो अधिकतर दुकानें भी आंशिक रूप से बंद दिखाई देती हैं। तेज धूप और लू के कारण लोगों को चक्कर, सिर दर्द और थकान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को दोपहर के समय बाहर न निकलने, अधिक से अधिक पानी पीने और सिर को ढककर रखने की सलाह दी है। नगर में जगह-जगह सामाजिक संस्थाओं की ओर से मीठे पानी व शरबत की व्यवस्था भी की जा रही है जिससे राहगीरों को कुछ राहत मिल सके। प्रशासन की ओर से भी लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। यदि बहुत जरूरी न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें।