कैथल। शहर में एक सुनार की दुकान को प्रशासन की मौजूदगी में खाली कराया गया। दुकान मालिक कमलकांत वर्मा ने आरोप लगाया है कि बिना किसी कानूनी नोटिस के उनकी दुकान जबरन खाली कराई गई, जबकि इस मामले में 23 मार्च को हाईकोर्ट में सुनवाई निर्धारित है।
कमलकांत वर्मा ने बताया कि वह पिछले 32 वर्षों से इस दुकान पर अपना कारोबार कर रहे थे। उनके अनुसार अब दुकान को बेचने के प्रयास में उन्हें जबरन हटाया गया है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद प्रशासन की मौजूदगी में इस तरह की कार्रवाई करना पूरी तरह अनुचित है।
इस घटना पर स्थानीय व्यापारियों में भी रोष देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि यदि मामला अदालत में लंबित है तो प्रशासन को कार्रवाई से पहले सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए था। फिलहाल अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आ सका है। संवाद