कैथल। डेरा बाबा राजपुरी गांव बाबा लदाना में हुई लूट की घटना से नाराज प्रदेश के कई डेरों से साधु-संत शुक्रवार को लघु सचिवालय पहुंचे। डीसी व एसपी से मिलकर उन्होंने डेरों की सुरक्षा की मांग की। साथ ही डेरे में हुई डकैती के मामले में कार्रवाई की मांग की। कहा कि आस्था का केंद्र डेरों को डकैत अपना निशाना बना रहे हैं लेकिन पुलिस ढिलाई बरत रही है। दूसरी ओर एसपी ने घटना के जल्द खुलासे का दावा किया है।
महंत नरेश पुरी, तोता गिरी, योगी पाल, रामदत्त गिरी, ब्रह्मचारी व राजगीरी महंत सहित काफी संख्या में पहुंचे संतों ने सोमवार की रात को बाबा लदाना डेरे में साढ़े आठ लाख रुपये की लूट की घटना की निंदा की। साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार न करने पर रोष भी जताया। डेरा के मुख्य महंत दूज पुरी ने कहा कि उनके पास कुछ जमीन के ठेके का पैसा आया था। उसे उन्होंने गांव में पहुंचा दिया था। डकैत नकदी, सोने के आभूषण सहित करीब साढ़े आठ लाख रुपये का सामान लूट कर ले गए। महंत दूज पुरी ने अपनी जान का भी खतरा बताया है। उन्होंने बताया कि उनके साथ जूना अखाड़ा व क्षेत्रीय महात्मा पहुंचे हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन की तरफ से उन्हें सिक्योरिटी नहीं दी जा रही है। यह भी बताया कि सात साल पहले भी डेरे में लूट हुई थी। कई बार प्रशासन से सिक्योरिटी की मांग कर चुके है, लेकिन नतीजा सिफर है। उन्होंने डीसी से असलहा दिलवाने की भी मांग की। महंत का कहना था कि उनके पास डेरे का असलहा था, वह भी प्रशासन ने सिविल लाइन थाने में जमा किया हुआ है। उसे भी दिलवाया जाए। उनके पास डेरे की लगभग 100 एकड़ जमीन है। सुरक्षा के लिहाज से डेरे के आसपास पीसीआर तैनात करने की भी मांग की।
इस संबंध में डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि संतों ने बताया कि सात साल पहले भी लूट हुई थी। इसलिए जल्द ही डेरे में सुरक्षा का प्रबंध किया जाएगा। एसपी से बातचीत के बाद सुरक्षा की व्यवस्था होगी। साथ ही लूट की वारदात में शामिल लोगों को जल्द काबू किया जाएगा।
विधायक ने भी की बातचीत
इस बीच विधायक लीला राम ने भी पहले डेरे और बाद में लघु सचिवालय में पहुंच कर संतों को पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया। साथ ही प्रशासन के आला अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत की। उन्होंने साधु-संतों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
सीआईए वन व टू की दो टीमें गठित
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सीआईए वन व टू की दो टीमें गठित की गई है। जो अलग- अलग क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर रही है। अब तक पुलिस टीम ने वहां के फोन नंबरों की लोकेशन, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ले ली है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जल्द ही डकैतों को काबू कर लिया जाएगा।
कई राज्यों की आस्था का केंद्र है डेरा बाबा राजपुरी
बाबा लदाना गांव स्थित डेरा बाबा राजपुरी मंदिर में दूरराज के लोग पूजा अर्चना करने के लिए आते हैं। इसमें हरियाणा सहित पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, चंडीगढ़ व उत्तराखंड के लाखों श्रद्धालु खासकर दशहरे के दिन पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचते है। यहां पर दशहरे के दिन विशाल मेला लगता है। दूध, अनाज और प्रसाद के साथ बाबा राजपुरी की पूजा कर श्रद्धालु सुख- समृद्धि की कामना करते हैं। मान्यता है कि बाबा राजपुरी डेरे में पूजा करने से पशुधन में वृद्धि होती है और परिवार में खुशहाली आती है।
17-कैथल। लघु सचिवालय परिसर में विधायक लीलाराम से मिलते हुए डेरे के मंहत दूजपुरी व अन्य जूना अखाड़ा - फोटो : Kaithal