गांव कल्लर माजरा में जांच करती पुलिस टीमें। प्रवक्ता
कैथल। पुलिस की तरफ से सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह चीका क्षेत्र के गांव कल्लर माजरा में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। डीएसपी गुहला हरदीप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में एसएचओ चीका इंस्पेक्टर रमेश चंद्र व सीआईए गुहला की टीमें शामिल रहीं।
अभियान के दौरान स्निफर डॉग की सहायता से 10 पुलिस टीमों के करीब 100 पुलिस कर्मचारियों ने गांव में संदिग्ध नशा तस्करों के करीब 20 घरों सहित अन्य स्थानों की गहनता से जांच की। डीएसपी गुहला हरदीप सिंह ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, नशा तस्करों व अपराधियों पर शिकंजा कसना तथा उनके मन में कानून का भय पैदा करना है।
अब तक 313 नशा तस्कर काबू
उन्होंने बताया कि कैथल पुलिस की ओर से वर्ष 2026 के दौरान अब तक नशा तस्करी के 195 मामलों में 313 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के साथ-साथ आमजन को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अपील की गई कि नशा बेचने वाले या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। डीएसपी ने आमजन से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की।