संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी महाविद्यालय में यूजीसी मालवीय मिशन टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर (एमएमटीटीसी), सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के सहयोग से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित एक सप्ताह का ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम संपन्न हुआ। बतौर मुख्य अतिथि सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति शिक्षण प्रणाली को अधिक लचीला, समावेशी और कौशल आधारित बनाती है।
इस कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक किया गया। इसमें कार्यक्रम के दौरान भारतीय ज्ञान प्रणाली, बहुविषयक शिक्षा, शैक्षणिक नेतृत्व, समावेशी शिक्षा, अनुसंधान एवं विकास, आईसीटी, कौशल विकास और पाठ्यक्रम निर्माण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए।
उद्घाटन सत्र में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जबकि यूजीसी-एमएमटीटीसी के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि प्रो. टंकेश्वर कुमार ने अनुभवात्मक अधिगम, इंटर्नशिप और बहुविषयक शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति शिक्षण प्रणाली को अधिक लचीला, समावेशी और कौशल आधारित बनाती है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई शैक्षणिक दृष्टि प्रदान करते हैं और संस्थान को शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। महाविद्यालय के प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने भी एनईपी 2020 को शिक्षा व्यवस्था के लिए दूरदर्शी पहल बताया।
कार्यक्रम में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के प्रो. पवन कुमार शर्मा (प्रो-वाइस चांसलर) और प्रो. तनु गुप्ता (डिप्टी डायरेक्टर, यूजीसी-एमएमटीटीसी) का विशेष योगदान रहा। संचालन एवं समन्वय डॉ. अर्चना यादव और डॉ. विशाल आनंद ने किया, जबकि उप-प्राचार्य डॉ. राजबीर पराशर एवं एनईपी समिति के सदस्यों ने सहयोग दिया। इस कार्यक्रम में लगभग 97 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक शामिल रहे।