संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चंदाना के टी-प्वाइंट के निकट से दो बदमाश एक कबाड़ बेचने वाले व्यक्ति से आठ हजार रुपये व चांदी का कड़ा लूटकर भाग गए। नानकपुरी कॉलोनी निवासी छिंदा ने कलायत थाने में मामले की शिकायत की है।
उसने बताया है कि वह कबाड़ी का काम करता है। 28 अप्रैल को शाम करीब सवा तीन बजे उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि वह प्रवीण बोल रहा है तथा उसे सामान बेचना है। आप चंदाना के टी प्वाइंट कैथल नरवाना हाईवे के पास आ जाएं। वह अपनी बाइक लेकर रेडी टी प्वाइंट के पास पहुंचा तो वहां पर दो लड़कों ने कहा कि वह उन्हें पांच हजार रुपये दे दें वे उसे कबाड़ का सामान दे देते हैं। उसने पहले सामान दिखाने को कहा।
उन्होंने समान नहीं दिखाया तो अनदेखी कर वह तितरम मोड़ की तरफ रेहड़ी लेकर चल पड़ा। कुछ ही दूरी पर वही दोनों बदमाश बाइक पर आए तथा उसके साथ मारपीट कर आठ हजार रुपये व हाथ में पहना चांदी का कड़ा छीनकर भाग गए। कलायत थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर जय भगवान ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।