संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। चीका क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद है कि वे बस्तियों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी लूट की वारदातों को अंजाम देने से नहीं घबराते। सोमवार रात को दो भाइयों से बदमाशों ने 70 हजार रुपयेे और दो मोबाइल लूट लिए। शिकायत के पर पुलिस जांच कर रही है।
युवा भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित जिंदल के सगे भाई सन्नी जिंदल व रवि जिंदल अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे तो शक्ति नगर कॉलोनी में सोनी टेंट हाउस के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनसे 70 हजार रुपये की नकदी व दो मोबाइल लूट लिए। लूट की वारदात की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके तुरंत बाद चीका थाना प्रभारी बलबीर सिंह व सीआईए की टीम घटनास्थल पर पहुंचे।
सन्नी जिंदल व रवि जिंदल ने पुलिस को बताया कि वे गुहला रोड पर जिंदल कम्युनिकेशन के नाम से मोबाइल फोन एसेसरीज, रिपेयर, रिचार्ज व मनी ट्रांसफर की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात लगभग आठ बजे दोनों भाई अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में घर से थोड़ी दूर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
उन्होंने उनसे 70 हजार रुपये व दो मोबाइल लूट लिए। चीका पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लुटेरों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।