संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। रविवार सायं गांव मटौर और कलासर के बीच हुई सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले चार लोगों में से दो ने दम तोड़ दिया है। सूचना पर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में मनाई जा रही खुशियां मातम में बदल गईं।
गुरमेहर ने बताया कि उनके बड़े भाई राममेहर को पुत्र हुआ था। रविवार को उसकी छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें सभी रिश्तेदार शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्य अपने खेतों की ओर जा रहे थे। स्कार्पियो में राममेहर, उसके जीजा दीपक, गुरमेहर, मंदीप, अमित और चरण सिंह सवार थे।
जब उनकी गाड़ी रजबाहा से करीब 200 मीटर आगे पहुंची, तो सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। गाड़ी पलट गई और सभी उसमें फंस गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीरों ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला।
घटना में जीजा दीपक और भाई राममेहर को सिर पर गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को कैथल के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक और राममेहर को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की शिकायत मिलने पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस कार्यवाही जारी है।
खुशियों का उत्सव मातम में बदल गया
गांव मटौर निवासी राममेहर के पहले पुत्र का जन्म हुआ था। जन्म के अवसर पर आयोजित छठी के कार्यक्रम में परिवार और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल था और मंगलगीत गाए जा रहे थे लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह खुशी दर्द में बदल गई जब दुर्घटना में राममेहर और दीपक की मौत हो गई। पूरा गांव हादसे से स्तब्ध रहा और परिवार में मंगलगीतों की जगह क्रंदन ने ले ली।