कैथल। विदेश जाकर डॉलर, पौंड व यूरो कमाने की चाह वाले लोगों की जमा पूंजी पर ठगों की नजर है। वे उन्हें सुहावने सपने दिखाकर उनकी जमा पूंजी पर हाथ साफ कर रहे हैं। गत तीन माह में ऐसे करीब 20 मामले सामने आए हैं, जिनमें अमीर बनने की चाह में विदेश जाने के लिए लालायित लोग न तो विदेश जा पाए और अपनी पूंजी से भी हाथ धो बैठे। पंजाब क्षेत्र के लगे गुहला व पूंडरी में ऐसी घटनाएं ज्यादा हुई हैं। इन मामलों में एक करोड़ रुपये से ज्यादा ठगी हुई। शिकायतों के आधार पर पुलिस मामलों की जांच कर कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि हरियाणा के युवाओं में आज भी विदेश जाकर नौकरी करके अच्छी कमाई का चार्म है। कई युवा जमीन बेचकर भी विदेश जाने के लिए हर चांस लेेने को तैयार दिखते हैं। ऐसे में कई गलत हाथों में फंसकर ठगी का शिकार भी बन जाते हैं। उन्हें विदेश में नौकरी लगवाने और अच्छी कमाई का झांसा देकर ठग अपने जाल में फंसाते हैं और फिर उनकी कमाई पर हाथ साफ कर लेते हैं।
कई बार किसी देश को कहकर दूसरे मुल्क भेज दिया जाता है और ऐसे में तमाम युवा परेशान भी होते हैं। कई युवाओं को बीच रास्ते लौटना भी पड़ा लेकिन इन सबके बावजूद विदेश जाने के लिए का युवाओं में क्रेज कम नहीं हुआ है। उनका कहना है कि देश में नौकरियों की कमी है और बेहतर कमाई के लिए वे विदेश जाना चाहते हैं। ऐसे ही युवाओं को मोटी कमाई का लालच देकर ठग अपने कार्यालय बुलाते हैं और उनके दस्तावेज जमा कराते हैं। इसके बाद उनसे वीजा आदि के नाम पर कई किश्तों में लंबी रकम वसूली जाती है। कई बार तो विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा व टिकट भी पकड़ा देते हैं।
घटना नंबर- 01
कनाडा भेजने के नाम पर हड़पे 16 लाख
तीन आरोपियों ने सिकंदर खेड़ी निवासी शकुंतला देवी से बेटे कुलदीप को कनाडा भेजने के नाम पर 16 लाख रुपये ठग लिए। पूंडरी थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी शीशन, नीलम व अमित के खिलाफ केस दर्ज किया था। महिला ने जमीन बेचकर 2017 में आरोपियों को 16 लाख रुपये दिए थे। पुलिस ने इस मामले में फरवरी के महीने मे केस दर्ज किया था।
घटना नंबर- 02
कनाडा भेजने के नाम पर 14.16 लाख ठगे
डेरा नत्था सीवन निवासी हरजिंद्र से विदेश जाने के नाम पर 14.16 लाख रुपये एक आरोपी ने ठग लिए थे। पूंडरी थाना में म्योली निवासी राजेश के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था। हरजिंद्र ने शिकायत में बताया था कि वह उसकी पत्नी व दो बेटों कनाडा जाना चाहते थे लेकिन थाईलैंड से वापस आना पड़ा था। आरोपी ने कनाडा नहीं भिजवाया था। फरवरी माह में केस दर्ज किया गया।
घटना नंबर- 03
तीन पर आरोप, 7.50 लाख रुपये ठगे
सांच निवासी एक व्यक्ति से विदेश भेजने के नाम पर एक महिला सहित दो व्यक्तियों ने 7.50 लाख रुपये ठग लिए। पूंडरी थाना में दी शिकायत में सांच निवासी नरेश कुमार ने बताया था कि वह कनाडा जाना चाहता हैं। कुछ समय पहले वह आदर्श नगर नई दिल्ली निवासी मीना त्यागी व उसके पति नूतन त्यागी के संपर्क में आया। 12 सितंबर को आरोपियों ने 7.50 लाख रुपये में सौदा किया था। मई में पुलिस ने केस दर्ज किया।
घटना नंबर- 04
साढ़े पांच लाख रुपये ठगे
गांव बदसुई के एक युवक से विदेश भेजकर वहां पक्की नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी कर तीन लोगो ने साढ़े पांच लाख रुपये ठग लिए। चीका थाने में पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया हैं। गांव बदसूई निवासी सुखविंद्र ने बताया कि आरोपी अकालगढ़ डेरा गांव बदसूई निवासी मनप्रीत ,जगजीत और मान कौर ने लेबनान भेजने के नाम पर साढ़े पांच लाख रुपये ठग लिए। मई के महीने में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
समय- समय पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर रही है। आरोपियों को पकड़ा जा रहा है। लोग वैध तरीके से ही विदेश में जाएं। दलालों के चंगुल में न फंसें।
मकसूद अहमद, एसपी